गंगा में मूत्रालय की गंदगी गई, तो हरकत में आया विभाग
पंतद्वीप का डीलक्स शौचालय सीज
।
डीएम मयूर दीक्षित सख्त निर्देश पर जल संस्थान की कार्रवाई,
एनजीटी और हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला।
रिपोर्ट:अरुण कश्यप
हरिद्वार। कांवड़ मेला क्षेत्र में गंगा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंतद्वीप पार्किंग स्थित सुगम सेवा सोसाइटी द्वारा संचालित डीलक्स शौचालय एवं मूत्रालय को सीज कर दिया। कार्रवाई जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड जल संस्थान ने की।
जिलाधिकारी को भेजी गई एक वीडियो क्लिप में एक महिला शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया गया था कि मूत्रालय का अपशिष्ट जल नाली के माध्यम से सीधे गंगा नदी में प्रवाहित किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद जल संस्थान के अधिकारियों ने रात्रि में मौके का निरीक्षण किया, जिसमें वीडियो में दिखाई गई स्थिति सही पाई गई। निरीक्षण के दौरान मूत्रालय का अपशिष्ट जल सीधे गंगा में बहता मिला।
अपर सहायक अभियंता निधि सेठी ने बताया कि यह कार्य एनजीटी तथा उत्तराखंड उच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन है, जिनमें बिना शोधन के अपशिष्ट जल गंगा में प्रवाहित करने पर कठोर कार्रवाई का प्रावधान है। इसीलिए इस शौचालय को अग्रिम आदेशों तक सीज कर दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सीज किए जाने के बाद यदि शौचालय का संचालन किया गया तो इसे पूर्णतः अवैध माना जाएगा और संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।



