उत्तराखंड जल संस्थान के नाम पर फर्जी कॉल से रहें सावधान
आधार और बैंक खाते की जानकारी मांग रहे साइबर ठग, विभाग ने किया सतर्क।
रिपोर्ट: अरुण कश्यप
हरिद्वार। उत्तराखंड जल संस्थान के नाम पर इन दिनों लोगों को फर्जी फोन कॉल किए जाने का मामला सामने आया है। फर्जी कॉल करने वाले लोगों से आधार नंबर, बैंक खाता संबंधी जानकारी समेत अन्य निजी एवं संवेदनशील जानकारियां मांगी जा रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड जल संस्थान ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
उत्तराखंड जल संस्थान की गंगा शाखा की अपर सहायक अभियंता निधि शेट्टी ने बताया कि जल संस्थान की ओर से किसी भी उपभोक्ता से इस प्रकार की निजी जानकारी फोन के माध्यम से नहीं मांगी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति के पास जल संस्थान के नाम से इस तरह की कॉल आती है और आधार, बैंक खाते या अन्य व्यक्तिगत जानकारी मांगी जाती है तो वह फर्जी कॉल है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में फोन पर अपनी निजी अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। जल संस्थान से संबंधित किसी जानकारी को लेकर यदि कोई संदेह हो तो सीधे संबंधित जल संस्थान कार्यालय में संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।
निधि शेट्टी ने स्पष्ट किया कि ऐसी फर्जी कॉल करने वाले लोगों से उत्तराखंड जल संस्थान का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से साइबर ठगी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की।



