हरिद्वार पुलिस ने पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का किया स्वागत, फलाहार व शीतल पेय किए वितरित
रिपोर्ट साहिल लांबा
रुड़की। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार सेवा कार्यों में जुटी हुई है। इसी क्रम में कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के गणेशपुर पुल (टैंक चौक) पर पुलिस अधिकारियों ने शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को फलाहार एवं शीतल पेय वितरित कर उनकी मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं।
इस सेवा कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हरिद्वार शेखर चंद्र सुयाल तथा पुलिस अधीक्षक काशीपुर (जनपद उधम सिंह नगर) एवं सुपर जोन-13 के सुपर जोनल पुलिस अधिकारी स्वपन किशोर सिंह ने किया। अधिकारियों ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सहयोग करने की भी अपील की।
शिवभक्तों ने हरिद्वार पुलिस के सेवा भाव, आत्मीय स्वागत और बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।



