कानूनी नोटिस के जवाब में साध्वी कंचन सिन्हा ने वीडियो से किया किनारा
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार। निरंजनी पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाश आनंद गिरि महाराज, अखाड़े के सचिव स्वामी रवींद्र पुरी और जूना अखाड़े के सचिव स्वामी हरि गिरि महाराज के संबंध में कथित आपत्तिजनक बयान वायरल होने के मामले में अधिवक्ता अरुण भदौरिया द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस का जवाब दिया गया है। नोटिस का जवाब साध्वी कंचन गिरि की ओर से उनके अधिवक्ता अशोक कुमार कदवाल, गाजियाबाद के माध्यम से भेजा गया है।
जवाब में साध्वी ने अपने हस्ताक्षर साध्वी कंचन सिन्हा के नाम से किए हैं। उन्होंने कथित वीडियो और बयान से स्वयं को अलग करते हुए कहा कि उनके द्वारा ऐसा कोई वीडियो वायरल नहीं किया गया। जवाब में आरोप लगाया गया है कि किसी अन्य व्यक्ति ने उनके वीडियो का दुरुपयोग कर छेड़छाड़ के माध्यम से गलत वीडियो वायरल किया और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया।
साध्वी ने स्वामी कैलाश आनंद गिरि महाराज के प्रति पूर्ण आस्था और सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उनका कोई अपमान नहीं किया है। साथ ही स्वामी रवींद्र पुरी और स्वामी हरि गिरि महाराज के प्रति भी सम्मान की बात कही है।
वहीं, अधिवक्ता अरुण भदौरिया ने नोटिस में कथित वीडियो को लेकर स्पष्टीकरण, वीडियो हटाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने पर लिखित खेद की मांग की थी।



