कुंभ से पहले बदलेगी हरिद्वार के राष्ट्रीय राजमार्गों की रंगत, दीवारों पर दिखेगी धर्म और संस्कृति की झलक,
काम शुरू।
रिपोर्ट: अरुण कश्यप
हरिद्वार। कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से शहर से जुड़े राष्ट्रीय राजमार्गों की दीवारों पर रंगाई-पुताई और वॉल पेंटिंग का कार्य सिंहद्वार और गुरुकुल कांगड़ी विश्विद्यालय के आसपास जोर-शोर से कराया जा रहा है।
वॉल पेंटिंग के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास की दीवारों को आकर्षक बनाने के साथ ही उनमें हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को उकेरने का प्रयास किया जा रहा है। दीवारों पर कुंभ से जुड़ी विभिन्न आकृतियों के साथ साधु-संतों, धार्मिक आयोजनों और हरिद्वार सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के सजीव चित्रण दिखाई देंगे।एनएचएआई की ओर से कराए जा रहे इस कार्य को कुंभ की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि रंग-बिरंगी और विषय आधारित वॉल पेंटिंग से राष्ट्रीय राजमार्गों का स्वरूप काफी आकर्षक नजर आएगा। इससे हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।उम्मीद की जा रही है कि कुंभ से पहले वॉल पेंटिंग का कार्य पूरा होने के बाद हरिद्वार के राष्ट्रीय राजमार्गों की रंगत पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी। इसे कुंभ विकास कार्यों में शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और आकर्षक आयाम माना जा रहा है।



