अजीतपुर में 20 सितंबर को लगेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
रिपोर्ट रश्मि कश्यप
हरिद्वार। ग्राम पंचायत अजीतपुर में आगामी रविवार, 20 सितंबर को संजीवनी हॉस्पिटल के सहयोग से नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन छोटे शिव मंदिर पर प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया जाएगा।
शिविर में बीपी और शुगर की जांच के साथ मरीजों को नि:शुल्क डाइट चार्ट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा। ग्राम प्रधान ने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इस अवसर का लाभ उठाने के साथ आसपास के लोगों को भी शिविर की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य जांच करा सकें।



