हल्द्वानी में रिश्वत मांगने के आरोप में कानूनगो निलंबित, पूर्व सैनिक की शिकायत पर डीएम ने की कार्रवाई
रिपोर्ट: मोहित प्रधान.
हल्द्वानी में राजस्व विभाग के एक कानूनगो पर रिश्वत मांगने का आरोप सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पूर्व सैनिक की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत के मामले में सीमांकन करने के बदले धन की मांग किए जाने का आरोप राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) रमेश चन्द्र पर लगा है। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजस्व निरीक्षक रमेश चन्द्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सैनिक ने अपनी जमीन पर अतिक्रमण होने की शिकायत प्रशासन से की थी। शिकायत के आधार पर जमीन का सीमांकन किया जाना था, लेकिन आरोप है कि संबंधित राजस्व निरीक्षक ने सीमांकन के बदले धन की मांग की। मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने निलंबन की कार्रवाई की।
हरिद्वार में भी पहले प्रकाशित हो चुकी हैं खबरें
रमेश चन्द्र का नाम हरिद्वार में राजस्व विभाग में तैनाती के दौरान भी चर्चाओं में रहा है। उनके हरिद्वार कार्यकाल से संबंधित खबरें पूर्व में भी प्रकाशित हो चुकी हैं। अब हल्द्वानी में रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबन की कार्रवाई के बाद उनके पुराने कार्यकाल से जुड़े मामलों और शिकायतों को लेकर भी चर्चा तेज हो सकती है।


