दीपावली पर बाजारों में छाई रौनक, श्यामपुर से सजनपुर तक सजीं दुकानें

खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़, मिठाइयों, सजावटी सामान और आतिशबाजी की बढ़ी मांग
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। प्रकाश पर्व दीपावली को लेकर क्षेत्र के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। श्यामपुर, कांगड़ी, गाजीवाली और सजनपुर पीली के बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। मुख्य मार्गों से लेकर गलियों तक दुकानें रंग-बिरंगी सजावट से सजी हुई हैं।
दीपावली के चलते मिठाइयों, ड्राई फ्रूट्स और उपहार पैक की मांग में तेजी आई है। काजू कतली, रसगुल्ले और सोनपापड़ी खरीदने के लिए मिठाई की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी है। वहीं, आतिशबाजी, फुलझड़ियों और अनार की भी खूब बिक्री हो रही है।
घरों को सजाने के लिए लोग एलईडी लाइटें, झालर, मिट्टी के दीये और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीद रहे हैं। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। त्योहार पर अच्छी बिक्री से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं।


