श्यामपुर पुलिस ने गंगा में कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को बचाया

काउंसलिंग और उपचार के बाद मथुरा निवासी महिला को परिजनों से मिलाया, पुलिस की तत्परता से बची जान
रिपोर्ट ; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। नमामि गंगे घाट, चंडीघाट पर गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला को श्यामपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सकुशल बचा लिया। घटना 5 नवंबर की है। पुलिस महिला को चौकी लेकर पहुंची, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। महिला मानसिक रूप से परेशान थी और अपनी पहचान बताने से इनकार कर रही थी।
पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को भोजन कराया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उसकी पहचान और परिजनों की तलाश के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया तथा आसपास के जनपदों में संपर्क किया गया।
पुलिस के प्रयासों से महिला के परिजनों का पता चला। उसके पति दलवीर सिंह निवासी ग्राम भरतिया, थाना बलदेव, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) ने महिला की पहचान रंजिता के रूप में की। उन्होंने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और 4 नवंबर को घर से चली गई थीं। महिला को वन स्टॉप सेंटर रानीपुर में सुरक्षित रखने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।


