गंगनहर किनारे संचालित कथित अवैध बोटिंग क्लब पर गंभीर आरोप, डीएम से जांच व कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट:साहिल लांबा
रुड़की। गंगनहर किनारे संचालित कथित अवैध बोटिंग क्लब की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। आदर्श नगर निवासी विजय कुमार सैनी ने जिलाधिकारी हरिद्वार को शिकायत पत्र भेजकर क्लब के कोच और कुछ खिलाड़ियों पर आम नागरिकों से अभद्र व्यवहार, मारपीट, रास्ता रोकने और महिलाओं व युवतियों से छींटाकशी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह प्रतिदिन गंगनहर पटरी पर व्यायाम करने जाते हैं, जहां क्लब से जुड़े कुछ लोग राहगीरों को अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं। उनका आरोप है कि आम लोगों के साथ बहस, अभद्रता और डराने-धमकाने जैसी घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
शिकायत में हाल ही में प्रकाशित उस समाचार का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें एक किशोर के साथ मारपीट के मामले में क्लब के कोच पियूष शर्मा सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कही गई थी। शिकायतकर्ता ने इसे क्लब में अनुशासन की कमी का उदाहरण बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
विजय कुमार सैनी ने कहा कि खेल गतिविधियां समाज के लिए आवश्यक हैं, लेकिन यदि उनकी आड़ में कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है तो कार्रवाई होना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि कथित अवैध बोटिंग क्लब की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में सरकारी नियंत्रण में एक व्यवस्थित बोटिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाए, जिससे खिलाड़ियों और आम जनता दोनों के हित सुरक्षित रह सकें।



