ज्वालापुर में अवैध निर्माणों की भरमार, बिना पार्किंग भवनों से बढ़ी जाम की समस्या !
रिपोर्ट: दिशा शर्मा
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में कथित अवैध निर्माणों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय निवासी कुलदीप कुमार तथा आशु कुमार का आरोप है कि जटवाड़ा पुल के आसपास तथा, घासमंडी के आसपास के इलाकों में बिना पार्किंग व्यवस्था के कई बहुमंजिला भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इससे पहले से संकरी गलियों और सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उनका कहना है कि छोटी-छोटी गलियों में बड़े-बड़े भवन खड़े होने से रास्ते और संकरे हो गए हैं। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का आरोप है कि कई निर्माण कार्य भवन निर्माण मानकों की अनदेखी कर किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में यातायात और सुरक्षा संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।
इस संबंध में क्षेत्र की सहायक अभियंता वर्षा ने बातचीत के दौरान पल्ला झाड़ते हुए बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने कहा कि संबंधित निर्माणों की जांच कराई जाएगी और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो शीघ्र ही नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जटवाड़ा पुल, घास मंडी तथा आसपास चल रहे निर्माण कार्यों का सर्वे कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र को जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।



