
चकराता में खाई में गिरी कार, दो युवक घायल; एक की हालत गंभीर
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
डिग्री कॉलेज रोड पर हुआ हादसा, गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी
चकराता (देहरादून)। चकराता में मंगलवार, 20 अक्टूबर को डिग्री कॉलेज रोड पर एक सफेद रंग की आई-20 कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे को सामान्य चोटें लगी हैं।
पुलिस के अनुसार, वाहन संख्या DL 12CJ 3818 के पुरोड़ी क्षेत्र में खाई में गिरने की सूचना मिलने पर कोतवाली चकराता की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को राजकीय चिकित्सालय चकराता पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।
गंभीर घायल की पहचान मानस मोहन पुत्र धीरेन्द्र, निवासी वार्ड नंबर 12, समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे घायल रवि प्रताप सिंह पुत्र राधे मोहन, निवासी ग्राम मैनपुर नंबर-1, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश हैं।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह, एसआई कुलदीप सिंह, एएसआई विनय भट्ट, कांस्टेबल सुधीर कुमार और संतोष भंडारी शामिल रहे।


