हिंदू नेशनल कॉलेज में मुख्यमंत्री धामी ने किया रावण दहन
![]()
दशहरा मेले में बुराई पर अच्छाई की जीत का दिया संदेश, प्रदेशवासियों को दी विजयादशमी की शुभकामनाएं
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित हिंदू नेशनल कॉलेज में लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित दशहरा मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का संदेश देता है। रावण दहन हमें अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मक विचारों को त्यागकर सदाचार अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अधर्म और अन्याय चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः जीत सत्य की ही होती है।
भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन मर्यादा, त्याग, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा मेले जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।



