गड्ढों से हो रही दुर्घटनाओं पर सख्त हुआ जिला प्रशासन, एक सप्ताह में जनपद की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
चंडीचौक के पास हादसे में वरिष्ठ पत्रकार मनोज सही और उनकी पत्नी चोटिल,
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को दिए निर्देश।
रिपोर्ट मोहित प्रधान
हरिद्वार। सड़कों पर गड्ढों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। चंडी घाट चौक के पास सड़क के गड्ढों के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। मंगलवार को वरिष्ठ पत्रकार मनोज सोही भी अपनी पत्नी के साथ दुपहिया वाहन से जा रहे थे, तभी गड्ढे के कारण दोनों गिरकर चोटिल हो गए। उन्होंने घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।
मामले का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग के परियोजना निदेशक पुनीत गर्ग ने बताया कि गड्ढों के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर उन्हें बेहद खेद है। शिकायत सामने आने के बाद गड्ढे भरने वाली टीमों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि एक सप्ताह के भीतर पूरे जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान में सबसे पहले हरिद्वार, उसके बाद रुड़की और फिर मुजफ्फरनगर क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता दी जाएगी। अब देखना होगा कि प्रशासन के सख्त निर्देशों के बाद सड़कें निर्धारित समयसीमा में गड्ढामुक्त हो पाती हैं या नहीं।


गड्ढों से हो रही दुर्घटनाओं पर सख्त हुआ जिला प्रशासन, एक सप्ताह में जनपद की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त