मदरसों में जुमे की नहीं संडे होगा अवकाश
शिक्षा विभाग के नियम होंगे लागू, 76 मदरसों को स्कूल के रूप में मिली मान्यता
रिपोर्ट:मोहित प्रधान
उत्तराखंड की धामी सरकार ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था को समान नियमों के तहत संचालित करने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत स्कूल के रूप में मान्यता प्राप्त मदरसों में अब शुक्रवार के बजाय रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इन संस्थानों को शिक्षा विभाग और उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
राज्य सरकार ने मदरसा बोर्ड समाप्त करने के बाद अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के लिए नई व्यवस्था लागू की है। पूर्व में मदरसा बोर्ड से 452 मदरसे मान्यता प्राप्त थे। नई व्यवस्था के तहत अब तक 76 संस्थानों को स्कूल के रूप में मान्यता दी गई है, जबकि 114 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।
उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार, मान्यता प्राप्त संस्थानों में देहरादून के 6, हरिद्वार के 44, नैनीताल के 2 और ऊधमसिंह नगर के 24 संस्थान शामिल हैं।
वहीं, अल्पसंख्यक विभाग के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि पहले चरण में नियमों के तहत 250 अवैध मदरसों को सील किया गया था।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी बच्चों को समान अवसर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार के मुताबिक, इस व्यवस्था से अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को मुख्यधारा की शिक्षा प्रणाली से जोड़ने में मदद मिलेगी।


