सोमनाथ यात्रा के दौरान हरिद्वार समेत 15 श्रद्धालु बिना अनुमति द्वारका रवाना, अधिकारियों में हड़कंप।
रिपोर्ट अरुण कश्यप
हरिद्वार। गुजरात में आयोजित सोमनाथ धार्मिक यात्रा के दौरान हरिद्वार समेत उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के 15 श्रद्धालुओं के बिना अनुमति द्वारकाधीश दर्शन के लिए रवाना होने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गुजरात पर्यटन विभाग के नोडल अधिकारी के अनुसार हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग व अन्य जनपदों के ये श्रद्धालु तीन इनोवा कारों से बिना पूर्व अनुमति होटल से निकल गए। बताया गया कि सोमनाथ से द्वारका की दूरी करीब 220 किलोमीटर है और मानसून के दौरान सुरक्षा कारणों से सभी यात्रियों को तय कार्यक्रम के अनुसार ही दल के साथ रहने के निर्देश दिए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि सभी श्रद्धालु गुजरात सरकार के आतिथ्य में हैं और किसी भी अन्य स्थान पर भ्रमण की अनुमति नहीं है। हालांकि, द्वारका गए यात्रियों का कहना है कि उन्होंने प्रस्थान से पहले अपने संबंधित नोडल अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी। मामले को गंभीर मानते हुए उच्च स्तर से निर्देश दिए गए हैं कि गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले यात्रियों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित नोडल अधिकारियों और दल नायकों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा यात्रा दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।



