09 से 17 अगस्त तक चलेगा “हर घर तिरंगा 2026” अभियान, डीएम ने दिए व्यापक जनभागीदारी के निर्देश
हरिद्वार, 06 अगस्त 2026।
जनपद हरिद्वार में 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक “हर घर तिरंगा 2026” अभियान उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि अभियान के तहत तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा सेल्फी बूथ, तिरंगा-थीम आधारित रोशनी तथा विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सरकारी भवनों, पुलों, सड़कों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम से सजाया जाएगा।
विद्यालयों में तिरंगे से प्रेरित कला-कृतियों, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक प्रसंगों तथा ‘वंदे मातरम्’ के अंशों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों, स्थानीय निकायों एवं औद्योगिक इकाइयों को समन्वय के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। अभियान के दौरान भारतीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।



