कांवड़ मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, IG गढ़वाल ने की व्यापक समीक्षा।
रिपोर्ट: अरुण कश्यप
हरिद्वार।आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कांवड़ मेला-2026 की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालु सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। 30 जुलाई से शुरू हुआ कांवड़ मेला 11 अगस्त तक चलेगा। 8 से 11 अगस्त के बीच डाक कांवड़ और श्रावण शिवरात्रि को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।अब तक हरिद्वार से 76.85 लाख से अधिक तथा नीलकंठ से 5.72 लाख से अधिक कांवड़ यात्रियों का आवागमन हो चुका है। लगभग 70 हजार वाहन भी मेला क्षेत्र में पहुंचे हैं। सुरक्षा के लिए पूरे मेले को 22 सुपर जोन, 67 जोन और 200 सेक्टर में विभाजित किया गया है।मेला क्षेत्र में नागरिक पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल, एटीएस, बीडीएस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें तैनात हैं। हरिद्वार में 10 ड्रोन जोन तथा नीलकंठ-ऋषिकेश में 4 अतिरिक्त ड्रोन से निगरानी की जा रही है। चारधाम कंट्रोल रूम से 529 सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। अब तक एसडीआरएफ और जल पुलिस ने 18 कांवड़ यात्रियों का सफल रेस्क्यू किया है, जबकि खोया-पाया सेल ने 20 गुमशुदा लोगों को उनके परिजनों से मिलाया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्गदर्शन हेतु क्यूआर कोड भी जारी किए गए हैं।



