भाजपा में ही मदन कौशिक को चुनौती देने की तैयारी,
डॉ. विशाल गर्ग की सक्रियता बनी चर्चा का विषय
रिपोर्ट: साहिल लांबा
हरिद्वार। नगर विधानसभा की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। करीब 25 वर्षों से हरिद्वार शहर की राजनीति में प्रभावशाली भूमिका निभा रहे वर्तमान कैबिनेट मंत्री और पांच बार के भाजपा विधायक मदन कौशिक को अब उनकी ही पार्टी के भीतर से चुनौती मिलने की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं। भाजपा से जुड़े समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने पहली बार खुलकर नगर विधानसभा से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए बदलाव की जरूरत पर जोर दिया है।
एक विशेष बातचीत में डॉ. विशाल गर्ग ने संकेत दिए कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट के दावेदार हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में वह सब कुछ सार्वजनिक नहीं कर सकते, लेकिन पार्टी स्तर पर उन्हें आगे बढ़ने के संकेत मिले हैं। हालांकि उन्होंने किसी आधिकारिक घोषणा का दावा नहीं किया।
डॉ. गर्ग ने कहा कि हरिद्वार को पिछले 25 वर्षों में जितना विकास मिलना चाहिए था, वह नहीं मिल पाया। उनके अनुसार धर्मनगरी होने के बावजूद हरिद्वार में ऐसा कोई बड़ा धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र विकसित नहीं किया गया, जो देश-विदेश के पर्यटकों को लंबे समय तक आकर्षित कर सके। उन्होंने कहा कि तीर्थाटन के साथ पर्यटन को जोड़कर शहर की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी जा सकती थी, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हुए।
उन्होंने शिक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बताया। उनका कहना है कि आज हरिद्वार के अनेक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए रुड़की, देहरादून और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है, क्योंकि शहर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संस्थानों और आधुनिक संसाधनों का अभाव है। यदि अवसर मिला तो शिक्षा, पर्यटन और रोजगार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होंगे।
डॉ. गर्ग ने अपने विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि हरिद्वार में ड्राई एरिया की व्यवस्था को प्रभावित किए बिना भी पर्यटन आधारित कई परियोजनाएं विकसित की जा सकती हैं। धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक गतिविधियों, आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डॉ. विशाल गर्ग लंबे समय तक मदन कौशिक के करीबी माने जाते रहे हैं। सामाजिक गतिविधियों और जनसंपर्क के कारण उन्होंने शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है। ऐसे में उनका नगर विधानसभा से टिकट की दावेदारी जताना भाजपा की आंतरिक राजनीति में नए समीकरणों का संकेत माना जा रहा है। चर्चा यह भी है कि पार्टी के भीतर मदन कौशिक के विरोधी माने जाने वाले कुछ नेता भी इस संभावित दावेदारी पर नजर बनाए हुए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हरिद्वार नगर विधानसभा सीट पर पिछले कई चुनावों में मदन कौशिक का मजबूत जनाधार रहा है। वहीं उनके प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहे सतपाल ब्रह्मचारी अब लोकसभा सांसद बन चुके हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्ष के साथ-साथ भाजपा के भीतर भी नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल न तो भाजपा ने उम्मीदवारों को लेकर कोई संकेत दिया है और न ही डॉ. विशाल गर्ग ने औपचारिक रूप से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। लेकिन उनकी सक्रियता और बदलाव को लेकर दिए गए बयान ने हरिद्वार की राजनीति में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है। अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव तक भाजपा का राजनीतिक समीकरण किस दिशा में आगे बढ़ता है।



