प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, पांच अधिकारी देहरादून भेजे गए
हरिद्वार। मा० प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद हरिद्वार के पांच प्रशासनिक अधिकारियों को वीवीआईपी ड्यूटी हेतु देहरादून के लिए अवमुक्त किया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) फिंचाराम चौहान, डिप्टी कलेक्टर/विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी आकाश जोशी, उपजिलाधिकारी लक्सर सौरव असवाल, सिटी मजिस्ट्रेट श्रीमती कुसुम चौहान तथा उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी को इस महत्वपूर्ण ड्यूटी के लिए तैनात किया गया है।
आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के क्रम में लिए गए इस निर्णय के तहत सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्यक्रम प्रारंभ होने से लेकर समापन तक जनपद देहरादून में उपस्थित रहेंगे। साथ ही, उन्हें अपनी योगदान आख्या 11 अप्रैल 2026 की सायं तक जिलाधिकारी देहरादून को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना होगा।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।



