मौसम अलर्ट पर सीएम धामी सख्त, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
पांच जिलों में ऑरेंज और अन्य जनपदों में येलो अलर्ट जारी, आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने को कहा
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
देहरादून। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में जारी ऑरेंज और येलो अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है।
मौसम विभाग के 30 अक्टूबर के पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जनपदों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने तक ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित रखने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क बाधित होने पर तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई की जाए।
साथ ही जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने तथा खराब मौसम में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने को कहा।


