चिड़ियापुर बॉर्डर चौकी की कमान रविंद्र गौड़ को, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर रहेगा फोकस
हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर सीमा क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ाने और लोगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को देंगे प्राथमिकता
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित चिड़ियापुर बॉर्डर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी के पहले चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी रविंद्र गौड़ को सौंपी गई है। चौकी की कमान संभालने के साथ ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस निगरानी को मजबूत करने और स्थानीय लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने पर जोर रहेगा।
चिड़ियापुर बॉर्डर पर पहले चेकपोस्ट के माध्यम से पुलिस की निगरानी की जा रही थी। हाल ही में यहां स्थायी भवन में रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का शुभारंभ किया गया। यह चौकी कोतवाली श्यामपुर के अंतर्गत संचालित होगी। स्थायी भवन बनने से पुलिसकर्मियों को कामकाज के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सीमा क्षेत्र में पुलिस संबंधी कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर चिड़ियापुर बॉर्डर की अहम स्थिति को देखते हुए यहां पुलिस चौकी की स्थापना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों और सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिहाज से चौकी की भूमिका अहम रहेगी। वहीं, स्थानीय लोगों को पुलिस से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी सुविधा मिलेगी।


