SSC परीक्षा में हाईटेक नकल कराने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, STF ने दिल्ली से दबोचा
परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के पद पर तैनात था आरोपी, रिमोट एक्सेस के लिए गिरोह को भेजा था IP
प्रकरण में STF अब तक सात आरोपियों को कर चुकी है गिरफ्तार, एक मोबाइल फोन बरामद
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने प्रतियोगी परीक्षाओं में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अंकित कुमार (22) पुत्र अनिल पासवान, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी फरवरी 2026 में आयोजित SSC की मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के मामले में वांछित था। STF ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
STF के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को इस मामले में देहरादून कोतवाली नगर में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए जांच STF उत्तराखंड को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, अंकित कुमार परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था। उसकी जिम्मेदारी अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करने और परीक्षा केंद्र में नकल जैसी गतिविधियों पर नजर रखने की थी। आरोप है कि उसने परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटरों को रिमोटली एक्सेस करने के लिए नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को IP उपलब्ध कराई थी।
STF के मुताबिक, इस प्रकरण में गिरोह के सात अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा, आरोपी नवंबर 2025 में SSC की मल्टीटास्किंग स्टाफ एवं क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में नकल से जुड़े एक अन्य मुकदमे में भी वांछित चल रहा था। पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
STF टीम में पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल प्रमोद तथा कांस्टेबल प्रदीप और रवि पंत शामिल रहे।


