सुरक्षित बचपन अभियान: बच्चों को पॉक्सो एक्ट, साइबर फ्रॉड और एआई के सुरक्षित इस्तेमाल की दी जानकारी

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बच्चों को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
रिपोर्ट: अनिल कश्यप
रुड़की। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। तहसील विधिक सेवा समिति, रुड़की के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को कानूनी अधिकारों, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में द्वितीय न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती दीप्ति पंत एवं प्रथम अपर सिविल जज, रुड़की विनीत श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी की प्रतिनिधि अंजली बिजलवान, कोतवाली कलियर के प्रभारी निरीक्षक के प्रतिनिधि उपनिरीक्षक योगेश कुमार, प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार निरंजन तथा शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच की जानकारी
वक्ताओं ने बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के बारे में बताते हुए कहा कि यह कानून बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है। विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए समझाया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि माता-पिता, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से सहायता लें।
साइबर अपराध और एआई के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर
विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी, पासवर्ड और निजी जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और ऑनलाइन सामग्री की सत्यता जांचने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार निरंजन ने अतिथियों का बुके भेंट कर सम्मान किया। अधिकार मित्र बालेंद्र कुमार एवं अनिल कश्यप ने आयोजन में सहयोग के लिए कॉलेज प्रबंधन और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तहसील विधिक सेवा समिति की कार्यप्रणाली और उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई।


