कुंभ-2027 से पहले पंतद्वीप क्षेत्र के विकास कार्य पूरे करने के निर्देश
मेलाधिकारी सोनिका ने पंतद्वीप, कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप का किया निरीक्षण
गुणवत्ता, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और समयबद्धता पर दिया जोर

रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार, 28 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने पंतद्वीप, कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों, पार्किंग, वॉक-वे, वेंडिंग जोन, शौचालयों, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण कार्य कुंभ शुरू होने से पहले अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएं। निर्माण सामग्री और कार्यों की फिनिशिंग में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए वॉक-वे और घाटों पर सुगम आवागमन की व्यवस्था होनी चाहिए। घाटों पर रेलिंग, चेन, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश दिए। साफ-सफाई और नियमित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने गंग नहर की प्रस्तावित बंदी के दौरान जलमग्न रहने वाले घाटों और पुलों के हिस्सों की मरम्मत एवं पेंटिंग कराने तथा तटवर्ती भवनों और आश्रमों में रंग-रोगन कराने के निर्देश भी दिए।
यूआईआईडीबी की परियोजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी कार्य समय से पूरे होने चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह और यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


