गंगा बंदी के दौरान मायापुर हेड रेगुलेटर पर चला महा सफाई अभियान
नगर निगम की टीम ने 8 टन कूड़ा-कचरा हटाया, 60 सफाई कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार। गंगा बंदी के दौरान नगर निगम हरिद्वार ने डाम कोठी के निकट स्थित मायापुर हेड रेगुलेटर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। नगर आयुक्त नन्दन कुमार के नेतृत्व एवं निर्देशन में संचालित इस अभियान में नगर निगम की टीम ने व्यापक स्तर पर सफाई कर जमा कूड़े-कचरे को हटाया।
अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार, पर्यावरण पर्यवेक्षक सलेख चंद, नीरज, बलराम, दीपक, प्रदीप और विक्रांत सहित लगभग 60 सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। टीम ने क्षेत्र में जमा कचरे को एकत्रित कर करीब 8 टन कूड़ा नगर निगम के प्लांट तक पहुंचाया, जहां उसका उचित निस्तारण किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा गंगा बंदी के दौरान गंगा क्षेत्र और आसपास के स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करना है। नगर निगम ने स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।


