श्यामपुर में बड़ा सड़क हादसा टला, लोडर ट्रक की टक्कर से डिवाइडर में घुसी कार

कांगड़ी फ्लाईओवर के समीप हुआ हादसा, कार चालक सुरक्षित; ट्रक छोड़कर फरार हुआ आरोपी चालक
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर शुक्रवार दोपहर कांगड़ी फ्लाईओवर के समीप एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। तेज गति से आ रहे एक लोडर ट्रक ने पीछे से कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। गनीमत रही कि हादसे में कार चालक सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कार नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे लोडर ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार व ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार, हादसे में कार चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। वहीं, ट्रक छोड़कर मौके से फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है।


