अवैध हथियारों की सप्लाई करने आए बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली
तीन बदमाश गिरफ्तार, दो पिस्टल, कारतूस और तमंचा बरामद; एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
बहादराबाद। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में रविवार को अवैध हथियारों की सप्लाई करने आए बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एंबुश लगाया। इस दौरान विशाल और भूपेंद्र को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि मुकुल गन्ने के खेत की ओर भाग गया। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुकुल के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक 315 बोर का तमंचा बरामद किया। एसएसपी हरिद्वार ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।


