उत्तरी हरिद्वार में बड़े पैमाने पर हो रहे निर्माण कार्यों पर उठे सवाल, मोतीचूर में चार मंजिला इमारत की जांच की मांग
शांतिकुंज के सामने सर्विस मार्ग पर निर्माणाधीन भवन को लेकर एचआरडीए में शिकायत, स्वीकृत मानचित्र, सेटबैक और रोड बाउंड्री के मानकों की जांच कराने की मांग
रिपोर्ट: मोहित प्रधान
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में तेजी से हो रहे बहुमंजिला निर्माण कार्यों के बीच भवन निर्माण नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मोतीचूर क्षेत्र में शांतिकुंज के सामने सर्विस मार्ग पर निर्माणाधीन एक बहुमंजिला इमारत को लेकर हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के उपाध्यक्ष से शिकायत कर तत्काल जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि मौके पर भूतल सहित लगभग चार मंजिलों का निर्माण दिखाई दे रहा है। आरोप है कि भवन निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी जांच आवश्यक है। विशेष रूप से स्वीकृत मानचित्र, भवन की निर्धारित ऊंचाई, सेटबैक और रोड बाउंड्री से संबंधित नियमों को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने प्राधिकरण से मांग की है कि संबंधित भवन की तत्काल स्थलीय जांच कराई जाए और स्वीकृत मानचित्र के साथ मौके पर हो रहे निर्माण का मिलान किया जाए। यदि निर्माण में अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो निर्माण कार्य रुकवाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि उत्तरी हरिद्वार में लगातार बढ़ते बहुमंजिला निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच प्राधिकरण की निगरानी व्यवस्था भी चर्चा का विषय बन रही है। अब देखना होगा कि एचआरडीए इस शिकायत पर कितनी गंभीरता दिखाता है और मौके पर जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करता है या नहीं।


