खड़ी पुलिस वैन को ट्रक ने मारी टक्कर, चार पुलिसकर्मी घायल

एसएसआई राजेश बिष्ट की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर, चालक समेत दो गिरफ्तार
रिपोर्ट ; राजेश गुप्ता
लक्सर, 15 नवंबर। लक्सर के बालावाली तिराहे पर देर रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पुलिस वैन 112 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन में सवार चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एसएसआई राजेश बिष्ट की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं प्रदीप धीमान, कपिल गोला और मनोज मीणा का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी इसी मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में छह लोग घायल हुए थे, जिनमें एक 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


