नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग की सख्ती, 187 चालान और 7 वाहन सीज
तेज गति से वाहन चलाने पर 68 और हेलमेट नियमों के उल्लंघन पर 70 चालान, बीएचईएल से रोड़ी बेलवाला तक चला चेकिंग अभियान
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अलग-अलग नियमों के उल्लंघन पर 187 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 7 वाहनों को सीज किया गया।
कार्रवाई में तेज गति से वाहन चलाने पर 68 और हेलमेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 70 चालान किए गए। इसके अलावा बिना वैध परमिट, ओवरलोडिंग, प्रदूषण, फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और कर संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई हुई।
अभियान में बस, टैक्सी, ऑटो, मालवाहक और दोपहिया वाहनों की जांच की गई। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और जरूरी दस्तावेज वैध रखने की अपील की। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।


