राष्ट्रीय एकता दिवस पर थाना श्यामपुर में लाइव परेड का प्रसारण, ग्रामीणों और छात्रों ने लिया हिस्सा
प्रोजेक्टर के माध्यम से गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का किया गया सीधा प्रसारण, पुलिस ने दिया एकता और देशभक्ति का संदेश
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप

श्यामपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को थाना श्यामपुर परिसर में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम एवं परेड का लाइव प्रसारण आमजन के साथ सामूहिक रूप से देखा गया।
कार्यक्रम के लिए थाना परिसर में प्रोजेक्टर और स्क्रीन की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसमें क्षेत्र के ग्राम प्रधान, स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने उत्साहपूर्वक लाइव परेड का अवलोकन किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करना तथा युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।


