बॉलीवुड फिल्म ‘हीर रांझा’ की शूटिंग के लिए श्यामपुर पहुंची यूनिट
खैरा ढाबा पर तैयार किया गया शूटिंग सेटअप, फिल्म के 90 प्रतिशत दृश्य उत्तराखंड में होंगे फिल्माए
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप 
श्यामपुर। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं को लगातार आकर्षित कर रही हैं। इसी कड़ी में बॉलीवुड फिल्म ‘हीर रांझा’ की शूटिंग के लिए शनिवार को फिल्म यूनिट श्यामपुर पहुंची। क्षेत्र के प्रसिद्ध खैरा ढाबा पर फिल्म की शूटिंग के लिए सेटअप तैयार किया गया है, हालांकि शनिवार को शूटिंग शुरू नहीं हो सकी।
प्रेम कहानी पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन साजिद अली कर रहे हैं, जबकि मुख्य भूमिका में रोहित श्रॉफ नजर आएंगे। फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर अब्दुल पैन्यूली ने बताया कि फिल्म के करीब 90 प्रतिशत दृश्यों की शूटिंग उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिल्म की अभिनेत्री के नाम का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। फिल्म यूनिट के श्यामपुर पहुंचने से स्थानीय लोगों में शूटिंग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


