अंधेरे में डूबे लोगों के लिए रोशनी की किरण बनकर पहुंचे शिव चौहान, दो दिन में समस्या दूर करने का दिया भरोसा!

हरिद्वार ग्रामीण में जनसंपर्क अभियान के दौरान पदार्था गांव पहुंचे भाजपा के संभावित प्रत्याशी, ग्रामीणों ने बताई सड़क, जलभराव और अन्य समस्याएं!
रिपोर्ट :दिशा शर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के संभावित प्रत्याशी शिवा चौहान इन दिनों बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वह लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनने और अपने स्तर से उनके समाधान का प्रयास करने में जुटे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम वह पदार्था गांव पहुंचे। यहां की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
गांव में अंधेरे में डूबी गलियां और कीचड़ से भरे रास्ते देखकर शिवा चौहान ने चिंता जताई। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराते हुए बताया कि रात के समय रास्तों पर अंधेरा रहने के कारण आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कीचड़ भरे रास्ते भी ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों ने उनसे उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए।इस पर शिवा चौहान ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर गांव में अंधेरे की समस्या दूर कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को रात के समय आवागमन में परेशानी न हो। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उनके सामने रखीं।
शिवा चौहान ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। अब देखना होगा कि उनके इस आश्वासन के बाद गांव की बुनियादी समस्याओं का समाधान कितनी जल्दी धरातल पर दिखाई देता है।


