बेमौसम बारिश से 15 बीघा धान की फसल बर्बाद, किसान को सवा लाख का नुकसान

प्रशासन से मुआवजे की मांग, परिवार के सामने आर्थिक संकट
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। ग्राम पंचायत कांगड़ी में अचानक हुई बेमौसम बारिश ने किसान की मेहनत पर पानी फेर दिया। बारिश के कारण खेत में कटाई के बाद रखी करीब 15 बीघा धान की फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गई। इससे किसान फकीरचंद को लगभग एक लाख से सवा लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
किसान फकीरचंद ने बताया कि कई महीनों की मेहनत और हजारों रुपये खर्च कर धान की फसल तैयार की थी। कटाई के बाद धान के पूले खेत में सुखाने और मड़ाई के लिए रखे गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश होने से खेत में पानी भर गया और पूरी फसल भीग गई। पानी में डूबने के कारण धान के दाने खराब होने और अंकुरित होने की आशंका है।
किसान के अनुसार, फसल तैयार करने में जुताई, बीज, खाद, कीटनाशक और मजदूरी पर काफी खर्च हुआ था। फसल बर्बाद होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसान ने सरकार और प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।


