ग्राम प्रधान हो तो ऐसा! सनी कुमार ने निभाया वादा, निर्धन कन्या की कराई 12वीं शादी
बिशनपुर कुंडी के ग्राम प्रधान ने पेश की जनसेवा की मिसाल, ग्रामीणों में हो रही सराहना
रिपोर्ट:मोहित प्रधान!
हरिद्वार। जनप्रतिनिधि का असली कर्तव्य केवल चुनाव जीतना ही नहीं, बल्कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना भी है। इस बात को बिशनपुर कुंडी के ग्राम प्रधान सनी कुमार ने अपने कार्यों से साबित किया है। चुनाव के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से वादा किया था कि यदि वह प्रधान चुने जाते हैं तो गांव के 14 निर्धन परिवारों की कन्याओं का विवाह अपने खर्च पर कराएंगे। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अब तक 12 निर्धन कन्याओं की शादी कराकर अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।
इसी क्रम में ग्राम प्रधान सनी कुमार ने पायल पुत्री स्वर्गीय रकमपाल वाल्मीकि का विवाह संपन्न कराया। पायल के विवाह में दान-दहेज से लेकर बारातियों और मेहमानों के भोजन तक की संपूर्ण व्यवस्था ग्राम प्रधान की ओर से की गई। इस पहल से जरूरतमंद परिवार को आर्थिक सहयोग मिला और बेटी के विवाह की जिम्मेदारी निभाने में मदद मिली।
सनी कुमार की इस पहल की ग्राम पंचायत बिशनपुर कुंडी सहित आसपास के क्षेत्रों में भी सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधियों के बीच सनी कुमार अपने संकल्प को पूरा करके एक अलग उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान का यह प्रयास सामाजिक जिम्मेदारी, जनसेवा और जरूरतमंद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देता है। उनकी पहल से न केवल गरीब परिवारों को सहारा मिल रहा है, बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों को भी समाजहित में आगे आने की प्रेरणा मिल सकती है।
ग्रामीणों के बीच यही चर्चा है कि जनप्रतिनिधि हो तो ऐसा, जो जनता से किया वादा निभाए और जरूरत के समय परिवारों के साथ खड़ा नजर आए। अब ग्रामीणों को शेष दो कन्याओं के विवाह का इंतजार है, ताकि ग्राम प्रधान अपना 14 कन्याओं की शादी कराने का संकल्प पूरा कर सकें।


