ओवरलोड वाहनों पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्ट दिशा शर्मा
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लंबे समय से ओवरलोड वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही से लोगों में भारी रोष व्याप्त है। स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों से लेकर आम राहगीरों तक सभी को भारी वाहनों के कारण खतरे का सामना करना पड़ रहा है। लगातार गुजर रहे ओवरलोड ट्रकों से सड़कों की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस मुद्दे पर भारतीय किसान यूनियन (बेदी ग्रुप) के जिला अध्यक्ष मोहम्मद आलिम ने कहा कि यदि शीघ्र ही ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो जिला प्रशासन को औपचारिक शिकायत सौंपी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि समाधान न होने की स्थिति में ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



