ई-मेल से बम धमकी के बाद देशभर में अलर्ट,
उत्तराखंड के न्यायालयों की सुरक्षा कड़ी
आईजी गढ़वाल ने दिए सख्त निर्देश।
रिपोर्ट अरुण कश्यप
देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में ई-मेल के माध्यम से माननीय न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र ने सभी जिला पुलिस प्रभारियों को न्यायालय परिसरों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
आईजी गढ़वाल ने न्यायालयों में तैनात सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ाने, प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग, बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड के माध्यम से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाने के आदेश दिए हैं। साथ ही सीसीटीवी से सतत निगरानी और किसी भी संदिग्ध वस्तु या सूचना मिलने पर निर्धारित SOP के तहत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए STF और साइबर सेल की विशेष टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए आमजन व अधिवक्ताओं से संदिग्ध वस्तु, वाहन या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल को देने की अपील की है।



