अखाड़ा परिषद सरकार के साथ, कुंभ 2027 को बनाएंगे दिव्य-भव्य
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के बीच अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने सरकार और प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग का भरोसा जताया है। परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने स्पष्ट कहा कि संत समाज पूरी मजबूती से शासन-प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और कुंभ 2027 को दिव्य व भव्य बनाने के लिए सभी अखाड़े मिलकर कार्य करेंगे।
उन्होंने अखाड़ा परिषद और सरकार के बीच मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जो अनुचित है। संत समाज एकजुट है और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर ही आगे बढ़ेगा।
महंत पुरी ने कुंभ के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्व समुद्र मंथन की पौराणिक कथा से जुड़ा है और हर 12 वर्ष में ग्रह-नक्षत्रों की विशेष स्थिति के आधार पर आयोजित होता है। हरिद्वार सहित चार तीर्थ स्थलों पर इसका आयोजन होता है।
उन्होंने बताया कि 13 अखाड़े और चारों संप्रदाय श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करेंगे। साथ ही लोगों से अफवाहों से दूर रहकर आयोजन में सकारात्मक सहयोग की अपील की।



