बम से उड़ाने की धमकी से दहला नैनीताल कोर्ट परिसर, 12 IED लगाने का दावा — पुलिस अलर्ट

जिला एवं सत्र न्यायालय नैनीताल को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। अज्ञात आईडी से भेजे गए मेल में कोर्ट परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए जाने और दोपहर 12:15 बजे विस्फोट की चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए तथा पूरे परिसर को घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। आसपास के क्षेत्रों की भी बारीकी से जांच की गई।
ईमेल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का उल्लेख करते हुए प्रतिबंधित संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) और इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) का नाम भी लिखा गया है।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि सभी न्यायालयों को इसी तरह का मेल प्राप्त हुआ है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।



