अजय सिंह को एसटीएफ तो नवनीत भुल्लर को हरिद्वार
20 पुलिस अधिकारियों के तबादले,
कई जिलों में नए एसएसपी तैनात

रिपोर्ट दिशा शर्मा
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रदेश में बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादले करते हुए 20 आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। आदेश के तहत श्रीमती निवेदिता कुकरेती को डीआईजी एसडीआरएफ से आईजी एसडीआरएफ पदोन्नत किया गया है, जबकि प्रह्लाद नारायण मीणा को एसएसपी सतर्कता मुख्यालय से डीआईजी सतर्कता मुख्यालय बनाया गया है।
हरिद्वार, देहरादून और उधमसिंहनगर समेत कई जिलों में एसएसपी बदले गए हैं। प्रमेन्द्र डोबाल को एसएसपी हरिद्वार से एसएसपी देहरादून भेजा गया है, जबकि अजय सिंह को देहरादून से एसएसपी एसटीएफ और नवनीत सिंह को एसटीएफ से एसएसपी हरिद्वार बनाया गया है। अजय गणपति कुमार को चम्पावत से एसएसपी उधमसिंहनगर तथा मणिकांत मिश्रा को उधमसिंहनगर से एसपी अभिसूचना नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और चम्पावत जिलों में भी पुलिस अधीक्षकों के तबादले किए गए हैं। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या पुलिस मुख्यालय के माध्यम से भेजने के निर्देश दिए हैं।



