पुरानी हरिद्वारी रोड का होगा चौड़ीकरण और नवीनीकरण, तीन करोड़ होंगे खर्च
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने नारियल फोड़कर किया कार्य का शुभारंभ, चार गांवों को मिलेगा लाभ
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। पुरानी हरिद्वारी रोड के चौड़ीकरण और नवीनीकरण कार्य का सोमवार को ग्राम कांगड़ी की पीठ बाजार में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने रिबन काटकर और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। करीब तीन करोड़ रुपये की कुंभ निधि से छह किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण कर सात मीटर किया जाएगा। इससे कांगड़ी, गाजीवाली, श्यामपुर और सजनपुर पीली के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि हरिद्वारी रोड पर पथ प्रकाश की व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी। इसके अलावा कांगड़ी से सजनपुर बाहरी पीली तक गंगा किनारे साढ़े सात किलोमीटर लंबे तटबंध का निर्माण प्रगति पर है। इसे आस्था पथ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिससे भविष्य में गंगाघाट भी बनाए जा सकेंगे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी सहित क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।


