चौमूं के पुलकित शास्त्री को मिली महामंडलेश्वर की उपाधि

अब ‘श्री पुलकितानंद सरस्वती जी महाराज’ के नाम से जाने जाएंगे, संत समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सौंपा प्रमाण-पत्र
रिपोर्ट ; लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। जयपुर के चौमूं निवासी विद्वान पंडित पुलकित शास्त्री को धर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में महामंडलेश्वर की प्रतिष्ठित उपाधि से विभूषित किया गया है। मनोनयन के बाद अब वह ‘श्री पुलकितानंद सरस्वती जी महाराज’ के नाम से जाने जाएंगे।
महामंडलेश्वर पद पर मनोनयन समारोह संत समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर चित्रगुप्ताचार्य गौरव नाथ जी महाराज और महामंडलेश्वर गुरु माता श्रीमती तृप्ति जी महाराज ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
समारोह में परिषद के राष्ट्रीय सचिव महंत संजीवन नाथ जी महाराज और महामंडलेश्वर हर्षिता जी ने संयुक्त रूप से मनोनयन की औपचारिकताएं पूरी कीं। साथ ही उन्हें महामंडलेश्वर पद का आधिकारिक प्रमाण-पत्र सौंपकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से चौमूं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


