बाइक सवार को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकराई कार, हाईवे पर लगा तीन किलोमीटर लंबा जाम

कांगड़ी फ्लाईओवर के पास देर रात हुआ हादसा, कार सवार दोनों लोग सुरक्षित, पुलिस ने खुलवाया जाम
रिपोर्ट : लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। नजीबाबाद से हरिद्वार आ रही एक कार कांगड़ी फ्लाईओवर के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में डिवाइडर टूटकर सड़क पर बिखर गया और कार भी क्षतिग्रस्त होकर बीच सड़क पर फंस गई। इसके चलते हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
घटना देर रात करीब 8:30 बजे श्यामपुर थाना क्षेत्र में हुई। बताया गया कि एक बाइक सवार कार को ओवरटेक करने लगा। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से निकल गया।
सूचना पर पहुंची श्यामपुर पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और डिवाइडर के टुकड़ों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।


