कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, देरी और गुणवत्ता में लापरवाही पर होगी कार्रवाईमंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने चिड़ियापुर से गौरीशंकर द्वीप और देवपुरा तक किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों से मांगी दैनिक प्रगति
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार, 02 नवंबर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के लिए मंडलायुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सोमवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। देर सायं तक चले निरीक्षण में उन्होंने चिड़ियापुर, गौरीशंकर द्वीप, बैरागी कैंप और देवपुरा में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में देरी या गुणवत्ता से समझौता करने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले चिड़ियापुर में निर्माणाधीन स्वागत द्वार का निरीक्षण कर इसे शीघ्र पूरा करने को कहा। इसके बाद गौरीशंकर द्वीप में बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए गंगा पर बन रहे अस्थायी पुल और गंगा कैनाल पर प्रस्तावित बैली ब्रिज की प्रगति देखी। उन्होंने गौरीशंकर सेक्टर में शिविर स्थलों की ड्रेसिंग, लेवलिंग, सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था के कार्यों की भी समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और संस्थाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। देवपुरा में सौंदर्यीकरण एवं फसाड विकास कार्यों का निरीक्षण कर निर्धारित रंग योजना के अनुसार आकर्षक पेंटिंग और चित्रांकन कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से दैनिक प्रगति रिपोर्ट और कार्यों को पूरा करने का दिनवार कार्यक्रम मांगा। निरीक्षण में विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


