जनसुनवाई में 90 शिकायतें दर्ज, 55 का मौके पर निस्तारण

डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर जताई गंभीरता
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 90 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 55 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, बिजली, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। फरियादियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने, पुराने पट्टे को खतौनी में दर्ज कराने, भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक गंगा पटरी मार्ग का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराने तथा भूपतवाला पीठ बाजार की व्यवस्था सुधारने की मांग रखी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। इसमें लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर भी नाराजगी जताई गई। एल-1 की 524 और एल-2 की 134 शिकायतें लंबित मिलने पर अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।


