नगर निगम भूमि घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग, 23 मई को होगा धरना: रमेश जोशी

हरिद्वार, 19 मई। सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने नगर निगम भूमि घोटाले की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की पुनः निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की है। प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों और भूमाफियाओं की मिलीभगत के कारण नगर निगम भूमि घोटाला हुआ तथा अब दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने पटवारी, कानूनगो और तहसीलदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच का दायरा बढ़ाकर करोड़ों रुपये के इस घोटाले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही घोटाले से हुई सरकारी नुकसान की राशि की रिकवरी भी कराई जाए।
रमेश जोशी ने मांग की कि वर्षों से जनपद में जमे उन अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल अन्य जनपदों में स्थानांतरित किया जाए, जिन पर जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि जनपद में बाहर रहने वाले लोगों की जमीनों पर कब्जे के मामलों में भी लगातार वृद्धि हो रही है और पीड़ितों को लंबी कानूनी लड़ाई के बावजूद न्याय नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर सुराज सेवा दल द्वारा 23 मई को राजस्व परिषद कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन के कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


