रुड़की में 980 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, दो करोड़ रुपये की खेप बरामद

रिपोर्ट दिशा शर्मा
गंगनहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चल रहे अभियान में मिली सफलता
रुड़की, 7 जुलाई। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब निवासी एक कथित तस्कर को 980 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को लाठरदेवा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार में बैठे व्यक्ति पर पुलिस टीम को शक हुआ। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38 वर्ष) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में सप्लाई करने आया था। पुलिस अब इस मामले में हेरोइन की सप्लाई चेन, खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।


