4.50 करोड़ से अधिक कांवड़ियों ने उठाया गंगाजल, सकुशल सम्पन्न हुई कांवड़ यात्रा

रिपोर्ट अरुण कश्यप
डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पर मां गंगा की पूजा कर दक्षेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक
हरिद्वार, 11 अगस्त। कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। इस वर्ष 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
उन्होंने पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्वास्थ्य विभाग, पर्यावरण मित्रों, मीडिया, स्वयंसेवी एवं धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता के सहयोग की सराहना की। स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा के दौरान 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया।
इस अवसर पर श्री गंगा सभा सहित संत समाज ने डीएम और एसएसपी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एडीएम जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।



