रवासन के तेज बहाव ने बुझाया 14 वर्षीय आयुष का चिराग

स्कूल से घर लौटते समय नदी पार करने की कोशिश, अगले दिन मिली लाश; परिजनों में मचा कोहराम!
रिपोर्ट:अरुण कश्यप
हरिद्वार।रसूलपुर रवासन नदी के तेज बहाव में बहने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह नदी में उसका शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान रसूलपुर निवासी आयुष भट्ट पुत्र मंगलेश्वर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार आयुष गुरुवार को स्कूल गया था। छुट्टी के बाद जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर एक दोस्त ने बताया कि आयुष मीठी बेरी पुल से जाने के बजाय नदी के रास्ते घर की ओर निकला था। इसके बाद नदी के आसपास उसकी तलाश में सर्च अभियान चलाया गया।
शुक्रवार सुबह ढंडियानवाला निवासी एक किसान अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर नदी की ओर पड़ी। पास जाकर देखने पर नदी में एक किशोर का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा शव की पहचान आयुष के रूप में हुई।
आयुष की मौत की खबर मिलते ही मां, पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने कहा कि रवासन नदी में आवागमन के लिए सुरक्षित व्यवस्था नहीं होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से रवासन नदी पर झूला पुल निर्माण के लिए ठोस पहल करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी न झेलनी पड़े।



